#प्रदेश

बीजापुर में वन्यजीव तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा, पैंगोलिन के शल्क और तेंदुए की खाल बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement Carousel

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पैंगोलिन के 9.260 किलोग्राम शल्क और तेंदुए की एक खाल बरामद की है। इस कार्रवाई में कुल 6 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दो जगहों पर वन विभाग की दबिश

मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग की पहली कार्रवाई ग्राम रेड्डी, तहसील गंगालूर में हुई। यहां से टीम ने पैंगोलिन के 9.260 किलोग्राम शल्क बरामद किए और तस्करी के आरोप में 4 लोगों को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर वन विभाग की टीम ने दूसरी कार्रवाई बासागुड़ा क्षेत्र के ग्राम मल्लेपल्ली में की। यहां से तेंदुए की एक खाल बरामद की गई और 2 अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

गौरतलब है कि पैंगोलिन और तेंदुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में शामिल अति संरक्षित वन्यजीव हैं। इनका शिकार करना, इनके अंगों का संग्रह करना और अवैध कारोबार करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

वन विभाग ने सभी 6 आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।