CG Big Breaking : कांकेर-नारायणपुर सीमा पर बड़ा IED विस्फोट, डीआरजी के 3 जवान शहीद; 1 गंभीर रूप से घायल

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में डीआरजी के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में डीआरजी की टीम शनिवार को सर्चिंग अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया आईईडी मिला, जिसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया।
इस हादसे में डीआरजी इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले मौके पर ही शहीद हो गए। वहीं कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हाल के महीनों में सुरक्षा बलों ने बड़ी संख्या में आईईडी बरामद कर निष्क्रिय किए हैं, लेकिन इस बार दुर्भाग्यवश विस्फोट अचानक हो गया।घटना के बाद इलाके में सर्चिंग और सुरक्षा अभियान और तेज कर दिया गया है।





