पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम 2026 LIVE: भाजपा को बड़ी बढ़त, टीएमसी पीछे—कई जगहों पर झड़प

इलेक्शन डेस्क। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। राज्य में इस बार का चुनाव बेहद आक्रामक रहा, जिसमें ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पूरी ताकत झोंक दी थी। अब सवाल यह है कि क्या टीएमसी चौथी बार सत्ता में लौटेगी या भाजपा पहली बार सरकार बनाएगी।
राज्य के 23 जिलों के 77 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच 293 सीटों के लिए वोटों की गिनती हो रही है, जिसमें 2,926 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है।
भाजपा को बड़ी बढ़त
चुनाव आयोग के ताजा रुझानों के मुताबिक भाजपा 193 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि टीएमसी 94 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। अन्य दलों में एजेयूपी 2 सीट, कांग्रेस और माकपा 1-1 सीट पर आगे हैं।
मतगणना के दौरान झड़पें
उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर मतगणना केंद्र पर झड़प की खबर सामने आई है। वहीं, कूचबिहार के दिनहाटा में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हुआ, जिसके बाद केंद्रीय बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हैं।
भवानीपुर सीट पर ममता आगे
भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी भाजपा के शुभेंदु अधिकारी पर 15,494 वोटों की मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं। आठ दौर की गिनती के बाद ममता को 35,522 वोट और अधिकारी को 20,028 वोट मिले हैं।
अन्य प्रमुख सीटों का हाल
0 कोलकाता पोर्ट सीट पर टीएमसी के फिरहाद हाकिम भारी बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं।
0 मुर्शिदाबाद की बहरामपुर सीट पर कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी भाजपा उम्मीदवार से 5,266 वोटों से पीछे हैं।
0 राजगंज सीट पर भाजपा के दिनेश सरकार टीएमसी उम्मीदवार से आगे हैं।
राजनीतिक माहौल गरमाया
कोलकाता में भाजपा की बढ़त के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए नारेबाजी की। वहीं, राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।
मतगणना जारी है और अंतिम नतीजों के साथ तस्वीर और साफ होगी।




