#प्रदेश

धमतरी फायरिंग रेंज में बड़ा हादसा, रायफल का चेंबर फटने से जवान घायल,.303 रायफल का चेंबर फटा

Advertisement Carousel

धमतरी। जिले के रुद्री स्थित पुलिस फायरिंग रेंज में सोमवार सुबह अभ्यास के दौरान एक गंभीर हादसा हो गया। नियमित प्रशिक्षण के बीच .303 रायफल का चेंबर अचानक फट गया, जिससे निकला धातु का हिस्सा पास खड़े एक नगर सैनिक जवान को जा लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन रुद्री के फायरिंग रेंज में नगर सैनिकों की नियमित फायरिंग प्रैक्टिस चल रही थी। सभी जवान .303 रायफल से लक्ष्य साधने का अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान एक राइफल में तकनीकी खराबी आने से उसका चेंबर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इससे निकला मेटल पार्ट पास में मौजूद जवान चौबेलाल टंडन के गले के पीछे हिस्से में लग गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशिक्षण रोक दिया गया। अन्य जवानों और अधिकारियों ने तुरंत घायल को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन अरुण कुमार टोंडर ने बताया कि घायल जवान को भर्ती किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मेटल पार्ट गर्दन को छूते हुए कान के पीछे से निकल गया है। एक्स-रे रिपोर्ट के बाद आगे की चिकित्सा प्रक्रिया तय की जाएगी।
घटना के बाद पुलिस लाइन परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। अधिकारियों ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह राइफल के चेंबर में तकनीकी खराबी बताई जा रही है।