नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामला: सीबीआई ने पांच आरोपितों को अदालत में किया पेश

नई दिल्ली। राउज एवेन्यू विशेष सीबीआई अदालत में सीबीआई ने नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में गिरफ्तार पांच आरोपितों को पेश किया। सभी आरोपितों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों में महाराष्ट्र के नासिक निवासी शुभम खैरनार, जयपुर के मंगलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल तथा गुरुग्राम निवासी यश यादव शामिल हैं। जांच एजेंसी शुभम खैरनार को मुंबई से ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लेकर आई।
सीबीआई ने अदालत को बताया कि मामले में कई राज्यों के लोगों की संलिप्तता सामने आने की आशंका है। एजेंसी के अनुसार, मामले की गहराई से जांच और अन्य आरोपितों तक पहुंचने के लिए हिरासत में पूछताछ आवश्यक है।
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। केंद्र सरकार ने मामले की व्यापक जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंपी है।





