Big News : जांजगीर-चांपा में चार लोगों की संदिग्ध मौत, इलाके में हड़कंप; पुलिस जांच में जुटी

जांजगीर-चांपा | जिले के ग्राम भवंतरा में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब निर्माणाधीन मकान पर काम करने पहुंचे एक मिस्त्री ने चारों को खाट पर बेसुध हालत में पड़ा देखा। इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग नए मकान के निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे और वहीं अस्थायी रूप से रह रहे थे।
सूचना मिलते ही ग्राम सरपंच राजाराम कश्यप ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लिया है, जो मृतकों का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
फिलहाल चारों की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है, जबकि गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।





