#प्रदेश

Chhattisgarh Rajyotsav 2026: 2 नवंबर को सभी जिलों में होगा राज्योत्सव, जानें आपके जिले में कौन होगा मुख्य अतिथि

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव 2026 मनाया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। 27 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, विभिन्न जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सुसंस्कृत नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।

किस जिले में कौन होगा मुख्य अतिथि?

राज्य शासन के आदेश के अनुसार, जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे।

इसी तरह सरगुजा में रामविचार नेताम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखन लाल देवांगन, जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा और राजनांदगांव में गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सांसदों को इन जिलों की मिली जिम्मेदारी

कोरिया में विधायक भैयालाल राजवाड़े और बीजापुर में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि होंगे। बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल और कबीरधाम में सांसद संतोष पाण्डेय कार्यक्रम की अगुवाई करेंगे।

बलरामपुर-रामानुजगंज में सांसद चिंतामणि महाराज, महासमुंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया और सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि होंगे।

वहीं, दंतेवाड़ा में सांसद महेश कश्यप, बालोद में सांसद भोजराज नाग, सुकमा में सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में सांसद लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इन जिलों में विधायक होंगे मुख्य अतिथि

मुंगेली में विधायक पुन्नूलाल मोहले, धमतरी में विधायक अजय चन्द्राकर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में विधायक रेणुका सिंह और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे।

कोण्डागांव में विधायक लता उसेंडी, नारायणपुर में विधायक विक्रम उसेंडी और बस्तर में विधायक किरण देव राज्योत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

विकास योजनाओं और उपलब्धियों की लगेगी प्रदर्शनी

राज्योत्सव के दौरान सभी जिला मुख्यालयों में विभिन्न विभागों की ओर से विकास योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। कार्यक्रमों के माध्यम से शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। शासन ने कार्यक्रमों में शालीनता और गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया जाएगा।

1 से 3 नवंबर तक रोशनी से जगमगाएंगे सरकारी भवन

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक सभी जिला मुख्यालयों के शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग अपने बजट से आवश्यक व्यवस्था करेंगे।

राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिया है कि वे मुख्य अतिथियों के परामर्श से कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करें और आयोजन की तैयारियां समय पर पूरी करें। जिला स्तरीय कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।