#प्रदेश

धरमलाल कौशिक से लूट की घटना पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल

Advertisement Carousel

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में राजधानी रायपुर में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ हुई लूट की घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और इसे सरकार व पुलिस प्रशासन की विफलता बताया। शुक्ला ने आरोप लगाया कि राजधानी में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर में लूट, हत्या, चाकूबाजी और अन्य अपराधों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कई मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं की जाती और शिकायतों को कमतर बताकर निपटाया जाता है।

इसी दौरान प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेदू ने पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ईंधन की भारी किल्लत है और कई पेट्रोल पंपों पर डीजल उपलब्ध नहीं है, जिससे आम जनता परेशान है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वीवीआईपी दौरे के लिए ईंधन का भंडारण कराया जा रहा है, जबकि आम लोगों को इसकी कमी झेलनी पड़ रही है। साथ ही उन्होंने महंगाई और बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि राज्य में कानून-व्यवस्था को तत्काल सुधारा जाए और जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।