खाद गबन मामले में बड़ी कार्रवाई, प्रभारी शाखा प्रबंधक निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत खाद गबन मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। कोरिया जिले की जिल्दा समिति, खड़गंवा में खाद वितरण में अनियमितता और गबन के मामले में लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी शाखा प्रबंधक एवं नोडल अधिकारी कल्लु प्रसाद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर की गई। मामले की शिकायत सुशासन तिहार 2026 के दौरान सामने आई थी, जिसके बाद पूरे प्रकरण की समीक्षा की गई। जांच में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में गंभीर लापरवाही उजागर होने पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सहायक लेखापाल एवं प्रभारी शाखा प्रबंधक श्री मिश्रा के निलंबन का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शाखा बैकुंठपुर, जिला कोरिया निर्धारित किया गया है।
राज्य सरकार का कहना है कि प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर आम जनता का भरोसा मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।




