CG Weather update : रायपुर समेत कई जिलों में भीषण गर्मी का कहर, 45 डिग्री तक पहुंचा तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तेज धूप और लू का असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को रायपुर का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि माना में सबसे अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
भीषण गर्मी के कारण दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं। दोपहर के समय हालात ऐसे रहे कि कूलर भी राहत नहीं दे पाए। लोग जरूरी काम के बिना घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए रायपुर में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार राजधानी में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव जिलों में एक-दो स्थानों पर लू चलने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं कोरबा, गरियाबंद, महासमुंद, बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग की एडवायजरी
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। साथ ही अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और शरीर को पूरी तरह ढंककर रखने की अपील की गई है।




