#crime #प्रदेश

त्विषा शर्मा केस: आरोपी पति समर्थ सिंह को 7 दिन की पुलिस रिमांड, पासपोर्ट जब्त करने के आदेश

Advertisement Carousel

 

० भोपाल जिला कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस रिमांड मंजूर, जबलपुर में सरेंडर की कोशिश के बाद हिरासत में लिया गया था आरोपी

भोपाल। त्विषा शर्मा मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस की मांग पर समर्थ सिंह की 7 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली। साथ ही त्विषा के परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन पर अदालत ने आरोपी का पासपोर्ट जब्त करने के भी आदेश दिए हैं।

पुलिस द्वारा अदालत में बताया गया कि आरोपी से मामले के विभिन्न पहलुओं, आरोपों और जांच से जुड़े बिंदुओं पर गहन पूछताछ की आवश्यकता है। इसके आधार पर अदालत ने रिमांड स्वीकृत की।

आरोपी को शरण देने वाले के खिलाफ भी होगी कार्रवाई
इससे पहले पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने जानकारी दी थी कि आरोपी को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश किया गया और प्रारंभिक रूप से 7 दिन की रिमांड मांगी गई थी। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि जांच में यह सामने आता है कि फरारी के दौरान किसी ने आरोपी को शरण दी थी, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण के लिए पहुंचे थे, लेकिन वहां प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इसी दौरान पुलिस टीम ने जबलपुर पुलिस की मदद से उन्हें हिरासत में ले लिया।

अहम CCTV फुटेज भी सामने आए
इधर, मामले से जुड़े कुछ अहम CCTV फुटेज भी सामने आए हैं। इनमें त्विषा शर्मा को एक ब्यूटी पार्लर में मेकअप करवाते हुए देखा गया है, जो उनके ससुराल के पास ही स्थित बताया जा रहा है। पुलिस ने यह फुटेज जांच में शामिल कर लिया है।

इसके अलावा, भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर का वह हिस्सा भी सामने आया है, जहां त्विषा शर्मा का शव मिला था। पुलिस इस पूरे मामले की सभी कोणों से जांच कर रही है।