ईबोला जैसे खतरनाक वायरस से निपटने की तैयारी: रायपुर में बनेगा डेडिकेटेड आइसोलेशन सेंटर

रायपुर। वैश्विक स्तर पर तेजी से फैल रही संक्रामक बीमारियों, खासकर ईबोला वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में विशेष आइसोलेशन सेंटर स्थापित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला चिकित्सा अधिकारी रायपुर को भेजे गए पत्र में संदिग्ध मरीजों के त्वरित इलाज, संक्रमण नियंत्रण और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं से लैस डेडिकेटेड आइसोलेशन सेंटर तैयार करने को कहा गया है। साथ ही राज्य सर्विलेंस यूनिट और आईडीएसपी को भी स्थिति की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
आइसोलेशन सेंटर में रहेंगी ये विशेष सुविधाएं:
▪️ संदिग्ध और संक्रमित मरीजों के लिए अलग-अलग सुरक्षित वार्ड
▪️ PPE किट और सुरक्षा उपकरणों से लैस डॉक्टर, नर्स और स्टाफ
▪️ एयरपोर्ट से सेंटर तक विशेष एंबुलेंस और प्रशिक्षित टीम
▪️ सैंपल कलेक्शन और सुरक्षित ट्रांसपोर्टेशन की व्यवस्था
▪️ रायपुर एयरपोर्ट पर विशेष स्क्रीनिंग टीम की तैनाती
▪️ बायो-मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निपटान की व्यवस्था
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि ईबोला समेत अन्य घातक वायरस के बढ़ते वैश्विक खतरे को देखते हुए उच्च स्तर की सुरक्षा और त्वरित चिकित्सकीय व्यवस्था बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से रायपुर में यह अत्याधुनिक आइसोलेशन सेंटर तैयार किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी संभावित आपात स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।





