पटना में बड़ा नाव हादसा: गंगा में पलटी नाव, 3 की मौत; कई लोग लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

पटना। पटना जिले के बाढ़ इलाके में गुरुवार सुबह बड़ा नाव हादसा हो गया। गंगा नदी में 14 से ज्यादा लोगों को लेकर जा रही नाव तेज हवा के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
तेज हवा बनी हादसे की वजह
जानकारी के मुताबिक नाव उमानाथ घाट से दियारा क्षेत्र की ओर सब्जियां लेकर जा रही थी। लौटने के दौरान तेज हवा के झोंके से नाव संतुलन खो बैठी और गहरे पानी में पलट गई।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जो लोग तैरना जानते थे या जिन्हें नाविक बचा सके, वे किसी तरह बाहर निकल आए।
SDRF की टीम मौके पर
State Disaster Response Force और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।एसडीपीओ राम कृष्ण के अनुसार अब तक 7 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि लापता लोगों की तलाश जारी है।
महिलाओं और एक बच्चे की मौत
हादसे में मृतकों की पहचान लीला देवी (40), नीलम कुमारी (30) और काशी कुमार (15) के रूप में हुई है। सभी मृतक बाढ़ थाना क्षेत्र के मासूमगंज बिंद टोली के निवासी बताए जा रहे हैं।
रोज सब्जी बेचने जाते थे लोग
बताया जा रहा है कि नाव पर सवार लोग हर दिन दियारा क्षेत्र से सब्जियां लेकर उमानाथ मंदिर घाट आते थे और वहीं बेचते थे। गुरुवार सुबह भी सभी लोग इसी काम से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।





