रायपुर में अवैध कैसीनो पर बड़ा एक्शन: रिसोर्ट में चल रहा था जुए का खेल, पुलिस-प्रशासन ने मारा छापा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे कैसीनो पर पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुराने धमतरी रोड स्थित कोलार क्षेत्र के कल्पवृक्ष रिसोर्ट में संचालित एक क्लब पर संयुक्त टीम ने छापा मारकर पूरे गेमिंग जोन को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान पोकर और रमी जैसे खेलों के लिए इस्तेमाल होने वाली टेबलें, ताश की गड्डियां और अन्य गेमिंग सामग्री बरामद की गईं।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि रिसोर्ट परिसर में संचालित खोखी झीमखाना क्लब में कैसीनो जैसी गतिविधियां चलाई जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां जुए से संबंधित व्यवस्थाएं मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई।
पोकर-रमी के लिए बनाई गई थी विशेष व्यवस्था
छापेमारी के दौरान क्लब में पोकर कार्ड टेबल, रमी गेमिंग टेबल और बड़ी मात्रा में ताश की गड्डियां मिलीं। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद सामग्री को जब्त कर परिसर को सील कर दिया।
संचालकों से मांगे गए दस्तावेज
जांच के दौरान क्लब संचालकों से संचालन से जुड़े लाइसेंस, अनुमति पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। साथ ही उन्हें नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया गया है।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। दस्तावेजों की जांच और पूछताछ के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ और कैसीनो संचालन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





