आज से देशभर में शुरू होगा ‘खेत बचाओ अभियान’, संतुलित उर्वरक उपयोग पर रहेगा विशेष फोकस

नई दिल्ली। किसानों को जागरूक करने और कृषि उत्पादन को अधिक टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार 1 जून से 30 जून तक देशव्यापी “खेत बचाओ अभियान” चलाएगी। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने इस अभियान को केवल जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि खेत, किसान और गांव को जोड़ने वाला व्यापक जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है।
अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को संतुलित एवं विवेकपूर्ण उर्वरक उपयोग, मौसम आधारित समय पर सलाह और कृषि लागत कम करने के उपायों से जोड़ना होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बदलते मौसम और कृषि चुनौतियों के बीच किसानों को सही समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। इसके साथ ही पंचायत स्तर पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि “खेत बचाओ अभियान” केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि यह पंचायत से लेकर राज्य और केंद्र सरकार तक साझी भागीदारी का मॉडल बनेगा। अभियान के दौरान खेतों की उर्वरता बचाने, मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने, अनावश्यक उर्वरक उपयोग को रोकने और कृषि लागत को संतुलित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान को परिणाममुखी बनाया जाए ताकि किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके और कृषि क्षेत्र में दीर्घकालिक सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित हो सके।
देशभर में एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से लाखों किसानों तक पहुंचकर उन्हें वैज्ञानिक खेती, मृदा संरक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक किया जाएगा।





