IPL फाइनल पर सट्टे का खेल! रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, 32 लाख कैश के साथ दो सटोरिये गिरफ्तार

० ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत छापा, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़; तीन आरोपी फरार
रायगढ़। आईपीएल फाइनल मैच की आड़ में चल रहे करोड़ों के ऑनलाइन सट्टा कारोबार पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद, मोबाइल फोन और नोट गिनने की मशीन बरामद की है। मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
GT Vs RCB मैच पर लग रहा था ऑनलाइन सट्टा
पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में कुछ लोग आईपीएल फाइनल मुकाबले पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को मौके से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे स्थानीय लोगों से नकद रकम लेकर ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहे थे।
5 लोगों का संगठित सट्टा सिंडिकेट आया सामने
जांच में सामने आया कि गगन और शुभम अपने साथियों रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर संगठित रूप से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चला रहे थे। आरोपियों ने बताया कि साहिल अग्रवाल सट्टे से मिलने वाली रकम को अपने व्यवसाय में खपाकर कमीशन के रूप में मुनाफा कमाता था।
कैश और मशीन छोड़कर फरार हुआ मुख्य आरोपी
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस जब एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी पहुंची, तो मुख्य आरोपी साहिल अग्रवाल पुलिस को देखकर फरार हो गया। हालांकि वह मौके पर दो बैग और नोट गिनने की मशीन छोड़ गया।
बैगों की तलाशी लेने पर पुलिस को 31.99 लाख रुपये नकद बरामद हुए। रकम में 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोट शामिल हैं।
मोबाइल में मिले सट्टेबाजी के तकनीकी सबूत
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक वनप्लस नॉर्ड और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन जब्त किया है। जांच में मोबाइल से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से जुड़ी आईडी और अन्य तकनीकी साक्ष्य मिले हैं।
तीन आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस ने छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों साहिल अग्रवाल, रिकेश राय और अर्जुन राठौर की तलाश की जा रही है।
पहले भी सट्टे के मामले में फंस चुका है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। इसी वर्ष मार्च में भी उसके खिलाफ ऑनलाइन सट्टेबाजी के मामले में कार्रवाई की गई थी।
एसएसपी का सख्त संदेश
शशि मोहन सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सट्टे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एक नजर में बरामदगी
31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद
2 मोबाइल फोन
1 नोट गिनने की मशीन
ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य





