#प्रदेश

जांजगीर में धधका पद्मिनी मल्टीप्लेक्स, आग से मचा हड़कंप; लाखों का नुकसान

Advertisement Carousel

 

० स्क्रीन तक पहुंचीं लपटें, नर्सिंग होम खाली कराया गया; दमकल की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

जांजगीर-चांपा। शहर के कोरवा पारा स्थित पद्मिनी मल्टीप्लेक्स में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में मल्टीप्लेक्स का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया और लपटें स्क्रीन नंबर-1 तक पहुंच गईं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मल्टीप्लेक्स से उठते घने धुएं ने आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। एहतियात के तौर पर पास स्थित नर्सिंग होम को तत्काल खाली कराया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेर लिया और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी।

आग लगने से मल्टीप्लेक्स के अंदर लगा पर्दा, साउंड सिस्टम, कुर्सियां और फॉल सीलिंग पूरी तरह जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में करीब 50 से 60 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया था। हालांकि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू होने से कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को वजह माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं लोग राहत महसूस कर रहे हैं कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।