अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ा प्रहार: 168 लीटर महुआ शराब और 620 किलो लाहन जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

० जंगलों और नालों के किनारे चल रही अवैध भट्टियों पर आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के सुशासन और नशामुक्त समाज के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आबकारी विभाग ने रायगढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 168 लीटर महुआ कच्ची शराब और 620 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। इस दौरान अवैध शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
आबकारी मंत्री ओ.पी. चौधरी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभाग की टीमों ने जंगलों और नाला किनारे संचालित अवैध शराब निर्माण स्थलों पर लगातार छापेमारी की।
10 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ कलेक्टर के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम कलमीडीपा निवासी करम सिंह सिदार को मोटरसाइकिल से 10 लीटर महुआ कच्ची शराब का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दो दिनों में दो बड़ी छापेमार कार्रवाई
आबकारी विभाग ने पिछले दो दिनों में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबारियों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया।
आबकारी उप निरीक्षक रागिनी पटेल ने ग्राम बड़गांव के जंगल क्षेत्र में दबिश देकर 74 लीटर महुआ शराब और 300 किलो महुआ लाहन बरामद किया।
वहीं खरसिया वृत्त के आबकारी उप निरीक्षक कुशल पटेल ने ग्राम बिलासपुर के नाला किनारे संचालित अवैध भट्टी पर कार्रवाई करते हुए 84 लीटर महुआ शराब और 320 किलो महुआ लाहन जब्त किया।
दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

अवैध नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
राज्य सरकार ने साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को प्रभावित करने वाले अवैध नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी नीति के तहत आबकारी विभाग ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में लगातार निगरानी, छापेमारी और कानूनी कार्रवाई कर रहा है।
अभियान रहेगा जारी
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेशभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई कर अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।





