Big News:न्याय की गुहार लेकर पहुंचा युवक, कलेक्ट्रेट में आत्मदाह की कोशिश से मचा हड़कंप; बीजेपी पार्षद पर लगाए गंभीर आरोप

धमतरी। धमतरी कलेक्ट्रेट परिसर में जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक ने कथित तौर पर न्याय नहीं मिलने से परेशान होकर खुद पर मिट्टी तेल छिड़क आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। युवक ने एक भाजपा पार्षद पर प्रताड़ना और दबंगई के गंभीर आरोप लगाए हैं।
धमतरी कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान एक युवक के आत्मदाह के प्रयास से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि युवक लंबे समय से अपनी शिकायत को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहा था, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली।
पार्षद पर प्रताडना का आरोप
युवक का आरोप है कि क्षेत्र के एक भाजपा पार्षद द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उसने अपनी समस्या को लेकर कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान था।
इसी नाराजगी और हताशा के बीच युवक जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचा और अचानक अपने ऊपर मिट्टी तेल छिड़क लिया। इससे पहले कि वह कोई बड़ा कदम उठा पाता, मौके पर मौजूद अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने तत्काल उसे रोक लिया और सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।

कलेक्ट्रेट में मची अफरा-तफरी
घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने युवक को समझाइश दी और उसके आरोपों की जांच कराने का आश्वासन दिया।
फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही है और उसके द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में हुई इस घटना ने जनसुनवाई व्यवस्था और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।





