मंत्रिमंडल में बदलाव पर CM विष्णुदेव साय का बड़ा बयान, बोले- समय आने पर सबको बता देंगे; कोंडागांव को दी 132 करोड़ की सौगात

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को कोंडागांव जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने धनोरा स्थित हाई स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में करीब 132 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। वहीं, मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने अपने अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “जब समय आएगा, तब सबको बता दिया जाएगा।” मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में मंत्रिमंडल विस्तार और बदलाव को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं।
मंत्रिमंडल में बदलाव पर CM ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि जब इसका समय आएगा, तब सभी को जानकारी दे दी जाएगी। हालांकि, उन्होंने बदलाव की किसी संभावित तारीख या अन्य जानकारी का खुलासा नहीं किया।
बंदोबस्त कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये जारी
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में बंदोबस्त कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए एक करोड़ रुपये की राशि जारी करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गांवों में बंदोबस्त से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती महोत्सव में भी हुए शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जिला मुख्यालय में आयोजित राज राजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती महोत्सव में भी शामिल हुए। कलार समाज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के आदर्शों को याद किया गया।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, मंत्री केदार कश्यप, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और समाज के लोग मौजूद रहे।




