#प्रदेश

मोबाइल बैटरी बनी मौत का कारण: खेलते वक्त हुआ ब्लास्ट, 1 साल के मासूम की दर्दनाक मौत

Advertisement Carousel

० पुरानी बैटरी फटने से बुरी तरह झुलसा बच्चा, इलाज के दौरान तोड़ा दम; गांव में पसरा मातम

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मोबाइल की पुरानी बैटरी फटने से एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

खेलते-खेलते हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह नेताम का एक वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह 31 मई की शाम अपने भाई-बहनों और अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों को कहीं से मोबाइल की एक पुरानी और खराब बैटरी मिल गई।

शाम करीब 5 बजे अचानक बैटरी में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से आदित्य गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में उसका चेहरा, सीना, पेट और हाथ बुरी तरह प्रभावित हुए।

इलाज के दौरान जिंदगी की जंग हारा मासूम

घटना के तुरंत बाद परिजन उसे प्रेमनगर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान 1 जून की सुबह करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सावधानी की जरूरत

यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि पुरानी, खराब या फेंकी गई मोबाइल बैटरियां बच्चों की पहुंच से दूर रखनी चाहिए। छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।