CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-आंधी और वज्रपात की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार प्रदेशभर में वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के संकेत हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के मुताबिक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
जिला स्तरीय नाउकास्ट चेतावनी के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
दंतेवाड़ा में सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर वर्षा दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में रिकॉर्ड की गई। वहीं कोरबा और पेंड्रा रोड में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा पथरिया, मैनपाट, भैसमा, कांसाबेल, कटघोरा, पेंड्रा और सूरजपुर में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में अंधड़ और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, बारिश और अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार बारिश और तेज हवाओं से खुले में रखी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और वाहन सावधानीपूर्वक चलाने की अपील की गई है। किसानों को वर्षा के दौरान उर्वरक और कीटनाशकों के छिड़काव से बचने की सलाह दी गई है।





