एक ही घर में मिले प्रेमी-प्रेमिका के शव! महिला की संदिग्ध मौत, पुरुष फंदे पर लटका मिला

लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुड़िया वन क्षेत्र के पटपरहा गांव में एक ही घर के भीतर महिला और पुरुष के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, घर के अंदर 50 वर्षीय संतराम बैगा का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि 40 वर्षीय रामकली मृत अवस्था में पाई गई। आशंका जताई जा रही है कि महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया हो, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
प्रेम प्रसंग के चलते उठाया आत्मघाती कदम?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा थी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही खुड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।





