#प्रदेश

CG Weather Update: मानसून की दस्तक के साथ बदलेगा मौसम, छत्तीसगढ़ में बारिश-आंधी के आसार; 5 दिन बाद मिलेगी गर्मी से राहत

Advertisement Carousel

 

रायपुर। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश की आधिकारिक घोषणा कर दी है। मानसून के लगातार आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और इसका असर अब छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज मौसम का मिजाज बदल सकता है और कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं रायपुर और राजनांदगांव सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़ी बढ़ोतरी नहीं होगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण का भी मौसम पर असर पड़ रहा है।

इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में आज एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में तेज अंधड़ चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। हालांकि अधिकतम तापमान में केवल मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

रायपुर में अभी बरकरार रहेगी गर्मी

राजधानी रायपुर के लोगों को फिलहाल मानसून की पूरी राहत के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी रायपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। हालांकि आसमान में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।