#राष्ट्रीय

BREAKING: NEET री-एग्जाम से पहले भारत में Telegram पर अस्थायी रोक, 22 जून तक सेवाएं बंद

Advertisement Carousel

 

नई दिल्ली। NEET (UG) 2026 की पुनर्परीक्षा को सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए देशभर में मैसेजिंग प्लेटफॉर्म Telegram पर 22 जून 2026 तक अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने यह आदेश जारी किया है, जबकि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने इस फैसले का स्वागत किया है।

एनटीए के अनुसार, यह कदम परीक्षा से जुड़े प्रश्नपत्रों, फर्जी लीक, अफवाहों और गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए उठाया गया है। एजेंसी का कहना है कि NEET (UG) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित होनी है और परीक्षा की पारदर्शिता तथा विश्वसनीयता बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

फर्जी पेपर लीक और धोखाधड़ी रोकने के लिए कार्रवाई

एनटीए ने बताया कि हाल के दिनों में Telegram के कुछ चैनलों और समूहों के माध्यम से NEET प्रश्नपत्र लीक होने या बेचे जाने के दावे सामने आए थे। एजेंसी ने इन दावों को भ्रामक और फर्जी बताते हुए साइबर क्राइम जांच के लिए भेजा था।

30 जून तक बंद रहेगी मैसेज एडिट करने की सुविधा

सरकार ने एक अन्य निर्देश में Telegram को भारत में पहले से भेजे गए संदेशों को एडिट (Edit) करने की सुविधा 30 जून 2026 तक बंद करने को कहा है। अधिकारियों का मानना है कि इस सुविधा का दुरुपयोग कर परीक्षा के बाद नकली पेपर लीक के तथाकथित सबूत तैयार किए जाते थे।

छात्रों से एनटीए की अपील

एनटीए ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना स्रोतों और वेबसाइटों पर ही भरोसा करें तथा सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किसी भी अपुष्ट जानकारी और अफवाहों से बचें।