मालगाड़ी की टक्कर से जंगली हाथी गंभीर घायल, साथी हाथियों ने घेरा इलाका,रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही दिक्कत

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक जंगली हाथी मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल हाथी की चिंघाड़ सुनकर उसके झुंड के अन्य हाथी भी मौके पर पहुंच गए और लंबे समय तक इलाके में डटे रहे। इससे वन विभाग और रेस्क्यू टीम को राहत एवं उपचार कार्य शुरू करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार कोयला परिवहन के लिए उपयोग होने वाली रेल लाइन पर गुजर रही एक मालगाड़ी की चपेट में जंगली हाथी आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी के एक पैर में गहरी और गंभीर चोट लग गई, जिससे वह दर्द से कराहता रहा।
मौके पर पहुंचा हाथियों का झुंड
घायल हाथी की आवाज सुनकर उसके दल के कई अन्य हाथी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। झुंड की मौजूदगी के कारण वन अमले और रेस्क्यू टीम को हाथी के पास पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
स्थिति नियंत्रित होने के बाद वन विभाग की टीम और विशेषज्ञ डॉक्टरों ने घायल हाथी का उपचार शुरू किया। फिलहाल हाथी की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और वन विभाग पूरे मामले की निगरानी कर रहा है।





