#अंतरराष्ट्रीय

International Breaking: ईरान में भीषण बस हादसा, 12 कर्मचारियों की मौत, 16 घायल; मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

Advertisement Carousel

डिजिटल डेस्क, तेहरान। ईरान में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तेल और गैस परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों को ले जा रही एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कई कर्मचारियों की मौके पर ही जान चली गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

तेल-गैस कर्मचारियों से भरी बस सड़क पर पलटी

ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, यह हादसा शनिवार शाम पश्चिमी ईरान के इलाम प्रांत में इराक सीमा के पास हुआ। बस ‘देहलोरन NGL 3100’ तेल और गैस परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। स्थानीय समयानुसार शाम करीब 7:25 बजे देहलोरन के पास दश्त अब्बास-मुर्मुरी सड़क पर बस पलट गई।

ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी IRNA ने रविवार को हादसे में 12 लोगों की मौत की पुष्टि की। इससे पहले स्थानीय अधिकारियों ने मृतकों की संख्या नौ बताई थी। हादसे में 16 कर्मचारी घायल हुए हैं।

राष्ट्रपति ने दिए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश

हादसे के बाद ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मृतकों के सम्मान में इलाम प्रांत में एक दिन और अब्दानन में दो दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की गई है। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले कई लोग अब्दानन के निवासी थे।

लापरवाही की भी होगी जांच, दोषियों पर कार्रवाई

हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। ईरानी स्टूडेंट्स न्यूज एजेंसी (ISNA) के मुताबिक, अब्दानन के अभियोजक अमरोल्लाह मिसाई ने कहा कि दुर्घटना के कारणों, संभावित लापरवाही और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जांच की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति या जिम्मेदार संस्था की गलती सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहा है।