Big News : छत्तीसगढ़ योग आयोग को मिला नया नेतृत्व, संजय अग्रवाल बने अध्यक्ष

रायपुर। छत्तीसगढ़ में योग और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने अहम फैसला लेते हुए बिलासपुर निवासी संजय अग्रवाल को छत्तीसगढ़ योग आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। चिकित्सा शिक्षा (आयुष) विभाग द्वारा जारी आदेश के साथ ही उनकी नियुक्ति प्रभावी हो गई है।
मुख्यमंत्री साय ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट कर संजय अग्रवाल को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि योगमय, स्वस्थ और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को नई मजबूती मिलेगी।
पहले भी संभाल चुके हैं जिम्मेदारी
बिलासपुर के रामा वैली, हाईकोर्ट रोड क्षेत्र निवासी संजय अग्रवाल इससे पहले भी छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रह चुके हैं। योग के क्षेत्र में उनके अनुभव और सक्रिय योगदान को देखते हुए राज्य सरकार ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
हर घर तक योग पहुंचाना होगी प्राथमिकता
नियुक्ति के बाद संजय अग्रवाल ने मुख्यमंत्री और संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता प्रदेश के हर घर, स्कूल, कॉलेज और छात्रावास तक योग को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है।
योग दिवस को बनाया जाएगा जन-आंदोलन
संजय अग्रवाल ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि लोगों को प्रतिदिन योग अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिवस होगा। प्रदेशभर में शासकीय, अशासकीय और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से योग जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।





