#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में सियासी हलचल तेज: CM साय ने मंत्रियों की बुलाई अचानक बैठक, एजेंडा गोपनीय

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में गुरुवार को अचानक हलचल बढ़ गई, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के सभी मंत्रियों को रात 8:30 बजे मुख्यमंत्री निवास में उपस्थित होने के निर्देश दिए। खास बात यह है कि बैठक का एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

सूत्रों के अनुसार मंत्रियों को केवल बैठक का समय और स्थान बताया गया है, जबकि चर्चा के विषय को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है। इस अप्रत्याशित बैठक ने सत्ता और संगठन से जुड़े कई संभावित फैसलों को लेकर अटकलों को जन्म दे दिया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बैठक में सरकार की कार्यप्रणाली की समीक्षा, आगामी रणनीति, प्रशासनिक फेरबदल या मंत्रिमंडल में बदलाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से अब तक किसी भी विषय की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मुख्यमंत्री निवास में होने वाली इस बैठक पर प्रदेशभर की निगाहें टिकी हुई हैं। बैठक समाप्त होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह नियमित समीक्षा बैठक है या फिर सरकार कोई बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक निर्णय लेने जा रही है।