कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट में फिर हादसा, मेंटेनेंस के दौरान गर्म स्पंज आयरन की चपेट में आए 3 कर्मचारी

मुंगेली। जिले के सरगांव स्थित रामबोड़ कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट में एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाला हादसा सामने आया है। नियमित मेंटेनेंस कार्य के दौरान कीलन डिस्चार्ज गेट अचानक खुल जाने से गर्म स्पंज आयरन बाहर निकल आया, जिसकी चपेट में आने से तीन कर्मचारी झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, 18 जून की सुबह करीब 7 बजे प्लांट में जाम पड़े कीलन डिस्चार्ज गेट की मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान गेट अचानक खुल गया और अंदर मौजूद अत्यधिक गर्म स्पंज आयरन तेज रफ्तार से बाहर निकल आया। इससे वहां कार्यरत तीन कर्मचारी घायल हो गए।
घायलों की पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी अमित कुमार, मध्य प्रदेश के होशंगाबाद निवासी योगेश मीणा और ओडिशा के बालेश्वर निवासी अमरेश दत्ता के रूप में हुई है। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से झुलसे अमित कुमार को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के कालड़ा अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली गई।
पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा
गौरतलब है कि यही प्लांट जनवरी 2025 में हुए एक बड़े हादसे के कारण भी चर्चा में रहा था। उस समय प्लांट परिसर में एक साइलो ढहने से कई मजदूर मलबे में दब गए थे, जिसमें चार श्रमिकों की मौत हो गई थी। घटना के बाद प्लांट प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला भी दर्ज किया गया था।





