#crime #प्रदेश

राजधानी में सनसनी : स्कूल में मामूली विवाद बना जानलेवा, छात्र ने साथी की चाकू मारकर कर दी हत्या

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के तिल्दा क्षेत्र में स्कूली छात्रों के बीच हुआ एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। स्कूल परिसर में शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक छात्र की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव स्थित एक स्कूल में दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के दौरान एक छात्र ने चाकू निकालकर दूसरे छात्र पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि घायल छात्र ने हमले के दौरान चाकू छीन लिया और गुस्से में उसी हथियार से दूसरे छात्र पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना में दूसरा छात्र भी घायल हुआ है और उसका अस्पताल में उपचार जारी है। सूचना मिलते ही तिल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कूल प्रबंधन, छात्रों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।