#प्रदेश

सूरजपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बाइक ,तीन युवकों की मौत,गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक फूंका

Advertisement Carousel

० प्रतापपुर क्षेत्र में हुआ हादसा, एक युवक की हालत गंभीर; ट्रक चालक मौके से फरार

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र में हुई, जहां सड़क पर खड़े ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

ट्रक चालक की लापरवाही बनी हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि हादसे से पहले ट्रक चालक ने एक कार को टक्कर मारी थी। इसके बाद वह ट्रक को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गया। सड़क के बीचोंबीच खड़े ट्रक के कारण यह बड़ा हादसा हो गया।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी और विरोध प्रदर्शन किया। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।