#खेल

रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी: 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 11 गेंदों में जड़ा अर्धशतक, रचा इतिहास

Advertisement Carousel

 

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ए के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए नया इतिहास रच दिया। महज 15 साल की उम्र में वैभव ने लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक जड़ते हुए 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।

श्रीलंका ए के खिलाफ फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए टीम को वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले ही ओवर से आक्रामक तेवर दिखाए और भारतीय पारी को तेज रफ्तार दी। वैभव ने सिर्फ 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी का नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक
वैभव सूर्यवंशी – 11 गेंद (भारत ए बनाम श्रीलंका ए, 2026)
के वीररत्न – 12 गेंद (2005/06)
एनएलटीसी परेरा – 13 गेंद (2020/21)
आरके क्लेनवेल्ट – 14 गेंद (2010/11)
एजे होलिओके – 15 गेंद (1994)
सलमान बट – 15 गेंद (2008/09)

वैभव शतक की ओर तेजी से बढ़ रहे थे, लेकिन 94 रन के स्कोर पर उनका शानदार अभियान थम गया। उन्होंने केवल 29 गेंदों में 10 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 94 रन बनाए। वैभव और प्रियांश आर्या ने पहले विकेट के लिए 53 गेंदों में 132 रन की विस्फोटक साझेदारी की।

इस धमाकेदार पारी के साथ वैभव ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के लिए भी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है। उन्हें 26 जून से शुरू होने वाली भारत-आयरलैंड टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। यदि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं।

गौरतलब है कि वैभव ने आईपीएल 2026 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 मैचों में 776 रन बनाए थे। अब फाइनल में खेली गई उनकी ऐतिहासिक पारी ने क्रिकेट जगत का ध्यान एक बार फिर उनकी ओर खींच लिया है।