#crime #प्रदेश

छत्तीसगढ़ में संदिग्ध जासूसी नेटवर्क का खुलासा: पंजाब का युवक जांजगीर से गिरफ्तार, ISI से संपर्क के आरोप

Advertisement Carousel

 

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान एक बड़ी कार्रवाई में पंजाब के तरनतारन निवासी 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। युवक पर पाकिस्तान समर्थित आईएसआई नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में रहने और संवेदनशील सूचनाएं साझा करने का आरोप है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह के रूप में हुई है। वह अकलतरा कस्बे के मिनीमाता चौक के पास किराए के मकान में रह रहा था। किरायेदार सत्यापन के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

मोबाइल जांच में मिले अहम डिजिटल साक्ष्य

पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सामग्री मिली है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि वह आईएसआई नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में था।

जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी ने संवेदनशील स्थानों, महत्वपूर्ण व्यक्तियों और वाहनों से संबंधित जानकारियां विदेशी संपर्कों के साथ साझा की हो सकती हैं। हालांकि, इन सूचनाओं की सत्यता और दायरे की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।

हथियार आपूर्ति से जुड़ी चर्चाएं भी आईं सामने

अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान सीमा पार से हथियारों की आपूर्ति से संबंधित चर्चाओं के संकेत भी मिले हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि इन पहलुओं की पुष्टि अभी की जानी बाकी है और मामले की गहन जांच जारी है।

फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया मोबाइल

आरोपी का मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। डिजिटल साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड और संपर्क नेटवर्क का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस आरोपी के संभावित सहयोगियों और उससे जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

फिलहाल अकलतरा थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था या अकेले काम कर रहा था।