#प्रदेश

रायगढ़ इस्पात संयंत्र में बड़ा हादसा: फर्नेस के पास मची अफरा-तफरी, 4 मजदूर घायल

Advertisement Carousel

 

० धुएं और गैस के फैलाव से मचा हड़कंप, घायल मजदूर अस्पताल में भर्ती; प्रबंधन ने ब्लास्ट से किया इनकार

रायगढ़। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा स्थित रायगढ़ इस्पात संयंत्र में मंगलवार को हुए हादसे से हड़कंप मच गया। फर्नेस क्षेत्र में अचानक हुई घटना के बाद संयंत्र परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसमें चार मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फर्नेस में अत्यधिक नमी (मॉइश्चर) जमा होने के कारण घटना होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में घायल मजदूरों की पहचान अमरेश कुमार, फिरोज आलम खान और रामनाथ सूर्यवंशी (जांजगीर-चांपा) के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य घायल की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

सूत्रों के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है, हालांकि बेहतर उपचार के लिए दो मजदूरों को रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

ब्लास्ट या गैस का दबाव? प्रबंधन ने दी सफाई

घटना को लेकर रायगढ़ इस्पात संयंत्र के जीएम सुनील पांडा ने फर्नेस ब्लास्ट की खबरों का खंडन किया है। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में कच्चे माल में नमी आ जाने से फर्नेस के भीतर गैस बन सकती है। गैस के अचानक बाहर निकलने से धुआं तेजी से फैला, जिससे मजदूरों में घबराहट फैल गई।

जीएम के अनुसार, अफरा-तफरी के दौरान ऊंचाई पर काम कर रहे कुछ मजदूर घबराकर इधर-उधर कूद गए, जिसके कारण उन्हें चोटें आईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संयंत्र में कोई विस्फोट नहीं हुआ है।

जांच में जुटी टीम

हादसे के बाद उद्योग प्रबंधन के अधिकारी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं पुलिस और औद्योगिक स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।