#प्रदेश

प्रकाश इंडस्ट्रीज में बड़ा हादसा: 8 फीट ऊंचाई से गिरा ठेका श्रमिक, इलाज के दौरान मौत

Advertisement Carousel

 

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट में काम के दौरान 8 फीट ऊंचाई से गिरने से एक ठेका श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान कुम्हारी खुर्द निवासी गोरेलाल कंवर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुई। उस समय ठेकेदार श्यामलाल साहू की निगरानी में गोरेलाल ऊंचाई पर एंगल काटने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा।

हादसे के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल श्रमिक को तत्काल जांजगीर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों को जानकारी दी गई। वहीं, चांपा पुलिस मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।