आषाढ़ के प्रथम दिवस पर सजेगा ऐतिहासिक रामगढ़ महोत्सव, दो दिन संस्कृति-साहित्य और लोककला का होगा भव्य संगम

रायपुर। सरगुजा की ऐतिहासिक धरोहर रामगढ़ में 29 और 30 जून को आयोजित होने वाला रामगढ़ महोत्सव-2026 इतिहास, संस्कृति, साहित्य और लोककला का अनूठा संगम बनेगा। विश्व की प्राचीनतम नाट्यशाला के रूप में प्रसिद्ध रामगढ़ में होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर के साहित्यकार, इतिहासकार, कलाकार, शोधकर्ता और बड़ी संख्या में पर्यटक शामिल होंगे।
दो दिनों तक सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहेगा रामगढ़
जिला प्रशासन और संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ 29 जून सुबह 10:30 बजे दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ होगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उद्घाटन सत्र के बाद छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य, लोकगीत और लोकवाद्य की रंगारंग प्रस्तुतियां पूरे दिन आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शाम को प्रसिद्ध लोक कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियां महोत्सव को और भव्य बनाएंगी।
प्राचीन धरोहरों से रूबरू होंगे पर्यटक
महोत्सव के दौरान आगंतुकों को विश्व की प्राचीनतम नाट्यशाला मानी जाने वाली सीताबेंगरा गुफा, ऐतिहासिक जोगीमारा गुफा, रामगढ़ पर्वत श्रृंखला और अन्य महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। विशेषज्ञ इन धरोहरों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक महत्व की जानकारी देंगे।
साहित्य, जनजातीय संस्कृति और हस्तशिल्प पर रहेगा विशेष फोकस
30 जून को साहित्य, इतिहास और संस्कृति विषयक परिचर्चाओं के साथ जनजातीय संस्कृति की प्रस्तुतियां, लोककलाओं का प्रदर्शन, स्थानीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। विद्यालयों और सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाएंगे।
उत्कृष्ट प्रतिभाओं का होगा सम्मान
समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रतिभागियों और सहयोगियों को सम्मानित किया जाएगा। जिला प्रशासन का मानना है कि यह महोत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ-साथ रामगढ़ क्षेत्र में पर्यटन को भी नई गति देगा। प्रशासन ने प्रदेशवासियों, साहित्यकारों, कलाकारों, विद्यार्थियों और पर्यटकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।





