CG Weather Today: बंगाल की खाड़ी में उठेगा चक्रवाती तूफान! छत्तीसगढ़ में फिलहाल शुष्क रहेगा मौसम, धान खरीदी पर भी पड़ सकता है असर

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 14 नवंबर को यह स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। इसके बाद 15 नवंबर की सुबह तक इसके अवदाब और 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। हालांकि, छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। प्रदेश में बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, चक्रवाती तूफान बनने के बाद सिस्टम के उत्तर की ओर बढ़ने से छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी असर पड़ सकता है। इधर, प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है। ऐसे में मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों और धान खरीदी केंद्रों को सतर्क रहने की जरूरत है।
कैसा रहा पिछले 24 घंटे का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के किसी भी हिस्से के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की है। अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे तक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र उसी स्थान पर सक्रिय था। इससे जुड़ा ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है।
इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 14 नवंबर को स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके बाद 15 नवंबर की सुबह तक इसके अवदाब में तब्दील होने और 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान के रूप में और अधिक तीव्र होने के आसार हैं।
छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| रायपुर | 30°C | 16°C |
| बिलासपुर | 30°C | 16°C |
| दुर्ग | 30°C | 16°C |
| राजनांदगांव | 30°C | 17°C |
| पेंड्रा रोड | 28°C | 14°C |
| अंबिकापुर | 27°C | 11°C |
| सूरजपुर | 28°C | 12°C |
| जगदलपुर | 29°C | 14°C |




