स्कूटी पर निकले डिप्टी सीएम अरुण साव, बिलासपुर में विकास कार्यों का लिया जायजा; अरपा नदी पुनरुद्धार के ₹251 करोड़ प्रोजेक्ट को मिली सैद्धांतिक मंजूरी

० तीन घंटे तक किया शहर का दौरा, अधूरे कार्यों पर जताई नाराजगी; 70 नालों का गंदा पानी नदी में जाने से रोकने की बनेगी व्यवस्था
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव रविवार को स्कूटी से बिलासपुर शहर का निरीक्षण करने निकले। करीब तीन घंटे तक उन्होंने नगर निगम, स्मार्ट सिटी और लोक निर्माण विभाग की विभिन्न विकास परियोजनाओं का मौके पर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही या अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी और नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे भी उनके साथ मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ने मंगला स्थित निर्माणाधीन 10 एमएलडी और 6 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), कोनी कन्वेंशन सेंटर, शिवघाट बैराज, अटल पथ, अशोकनगर-बिरकोना गौरव पथ सहित कई विकास कार्यों का निरीक्षण किया। एसटीपी निर्माण में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बिलासपुर की जीवनदायिनी अरपा नदी के संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए तैयार 250.93 करोड़ रुपये की परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी भी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर के लगभग 70 नालों का दूषित पानी सीधे अरपा नदी में गिर रहा है, जिसे रोकने के लिए व्यापक योजना तैयार की गई है।
परियोजना के तहत 57 इंटरसेप्शन एवं डाइवर्जन स्ट्रक्चर, 13 डाइवर्जन वियर, लगभग 10 किलोमीटर डाइवर्जन सीवर लाइन, तीन सीवेज पंपिंग स्टेशन और दो नए एसटीपी स्थापित किए जाएंगे, ताकि नालों का गंदा पानी उपचार के बाद ही नदी में पहुंचे।
उप मुख्यमंत्री ने नगर निगम को परियोजना की सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर राज्य शासन से जल्द स्वीकृति लेने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में अव्यवस्थित बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों को व्यवस्थित स्थानों पर स्थानांतरित करने तथा भविष्य में स्थापना से पहले नगर निगम की अनुमति अनिवार्य करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा कोनी कन्वेंशन सेंटर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया।
अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विकास कार्यों के समय पर पूरा होने से बिलासपुर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और शहर के विकास को नई गति मिलेगी।





