कवर्धा में भीषण सड़क हादसा: दो कारों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत… 4 गंभीर घायल

० पंडरिया के लघान गांव के पास हादसा, टक्कर इतनी जबरदस्त कि दोनों कारों के उड़े परखच्चे
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पंडरिया थाना क्षेत्र के लघान गांव के पास दो कारों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, फ्रॉन्क्स (CG 09 JS 4619) और वैगनआर (MP 50 ZB 0139) के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और उनमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान कबीरधाम जिले के धरमपुरा निवासी के रूप में हुई है। वहीं घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पंडरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





