Breaking :सुबह-सुबह चला बुलडोजर: माना के नकटी गांव में विरोध के बीच बेदखली कार्रवाई शुरू, भारी पुलिस बल तैनात

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र स्थित ग्राम नकटी में लंबे समय से विवादों में चल रही बेदखली कार्रवाई आखिरकार सोमवार तड़के शुरू हो गई। प्रशासन ने सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों के साथ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए करीब एक हजार पुलिस जवानों की तैनाती की गई, जिससे पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
प्रशासन के अनुसार, गांव के वार्ड क्रमांक 16 और 17 में बने 48 अवैध मकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले संबंधित परिवारों को राजस्व विभाग की ओर से बेदखली नोटिस जारी किए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण होने के कारण नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया है। उनका कहना है कि वे वर्षों से इस जमीन पर रह रहे हैं और कई मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें पर्याप्त राहत दिए बिना बेदखल किया जा रहा है।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और सुरक्षा व्यवस्था के बीच बेदखली अभियान जारी है।




