#प्रदेश

गरजते बादल बन सकते हैं जानलेवा: आकाशीय बिजली से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी

Advertisement Carousel

 

रायपुर। वर्षाकाल में आकाशीय बिजली (Lightning) गिरने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर आकाशीय बिजली से होने वाली जनहानि और गंभीर हादसों से बचा जा सकता है।

खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे न रुकें

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मौसम खराब होने, बादल गरजने या बिजली चमकने की स्थिति में खुले मैदान, खेत, पहाड़ी, जलाशय, पेड़ों के नीचे और ऊंचे स्थानों पर रुकने से बचें। ऐसी स्थिति में तुरंत किसी पक्के भवन या बंद चारपहिया वाहन में सुरक्षित आश्रय लें।

धातु की वस्तुओं और जल स्रोतों से रहें दूर

बिजली कड़कने के दौरान नदी, तालाब या अन्य जल स्रोतों से दूरी बनाए रखें। साथ ही लोहे की रॉड, तार, कृषि उपकरण या किसी भी धातु की वस्तु के साथ खुले स्थान पर न रहें। मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें।

खुले में फंस जाएं तो क्या करें?

यदि किसी कारणवश खुले स्थान पर फंस जाएं, तो जमीन पर पूरी तरह लेटने के बजाय दोनों पैरों को साथ रखकर झुक जाएं, सिर नीचे रखें और अन्य लोगों से कुछ दूरी बनाए रखें। इससे आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में जोखिम कम हो सकता है।

बिजली गिरने पर घबराएं नहीं

यदि किसी व्यक्ति पर आकाशीय बिजली गिर जाए, तो उसे छूना पूरी तरह सुरक्षित है। घायल को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाएं और 108 एम्बुलेंस सेवा या निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। यदि व्यक्ति सांस नहीं ले रहा हो या नाड़ी बंद हो गई हो, तो प्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा तुरंत सीपीआर (CPR) शुरू करें और जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाएं।

स्वास्थ्य विभाग की अपील

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने नागरिकों से वर्षाकाल के दौरान स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी आकाशीय बिजली से बचाव के उपायों की जानकारी देने की अपील की है।