चंबा में बारिश का कहर: घरों में घुसा मलबा, चंबा-तीसा मार्ग बंद, 25 से अधिक पंचायतों का संपर्क टूटा

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सलूणी उपमंडल की ग्राम पंचायत लनोट के लनोट और फगड़ोग गांवों में भारी बारिश के बाद मलबा और पानी घरों में घुस गया, जिससे कई परिवारों को नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, पंगोला नाला के पास भूस्खलन के कारण चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।
घरों में घुसा मलबा, मकानों को भारी नुकसान
फगड़ोग गांव में तानी पुत्र कंठ और नारद पुत्र लछमण के घरों में भारी मात्रा में मलबा और बारिश का पानी घुस गया। हादसे में दोनों परिवारों का सामान क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि नारद के मकान में दरारें आने से भवन को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
बादल फटने जैसे हालात
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत लनोट के प्रधान देसराज मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बादल फटने जैसी स्थिति बनने के बाद अचानक भारी मात्रा में मलबा बहकर आया, जिससे मकानों को नुकसान हुआ। घटना की जानकारी प्रशासन को दे दी गई है।
चंबा-तीसा मार्ग बंद, 25 से अधिक पंचायतों का संपर्क प्रभावित
पंगोला नाला के पास भारी मलबा और चट्टानें सड़क पर आने से चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। इसके चलते 25 से अधिक पंचायतों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। तीसा, सनवाल, बैरागढ़, बौंदेड़ी, खजुआ, बिहाली, देवीकोठी, सेईकोठी और झज्जाकोठी समेत कई क्षेत्रों के लोग प्रभावित हुए हैं। सड़क के दोनों ओर वाहन फंसने से यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राहत कार्य में जुटा प्रशासन
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जिले में कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं हुई हैं। हालात पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। लोक निर्माण विभाग और संबंधित विभागों की टीमें सड़क बहाल करने और राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग व जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।




