जनसंचार शिक्षा को मिलेगी नई दिशा, केटीयू रायपुर में बनेगा ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’

० हिसार विश्वविद्यालय के साथ अकादमिक सहयोग पर बनी सहमति, शोध, नवाचार और छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान को मिलेगा बढ़ावा
रायपुर। जनसंचार शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नई पहल करते हुए कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू), रायपुर में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना की जाएगी। इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार का दौरा कर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की।
हिसार में आयोजित बैठक में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई और प्रो. मनोज दयाल के बीच उच्च शिक्षा, जनसंचार और शोध को नई दिशा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ। दोनों विश्वविद्यालयों के बीच अकादमिक सहयोग और शैक्षणिक उन्नयन को लेकर सहमति बनी।
जनसंचार शिक्षा के लिए बनेगा नया रोडमैप
बैठक में जनसंचार शिक्षा के समग्र विकास के लिए अकादमिक, शोध और रणनीतिक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। नवाचार को बढ़ावा देने के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही विभाग को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थी-केंद्रित अध्ययन प्रणाली को प्रोत्साहित करने पर भी सहमति बनी।
मीडिया इंडस्ट्री और शिक्षा जगत के बीच बढ़ेगा तालमेल
दोनों विश्वविद्यालयों ने मीडिया इंडस्ट्री और अकादमिक क्षेत्र के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी योजना बनाई है। इसके तहत संयुक्त शोध परियोजनाएं संचालित की जाएंगी और विद्यार्थियों व शिक्षकों के आदान-प्रदान के नए अवसर विकसित किए जाएंगे। इस पहल से जनसंचार शिक्षा और शोध को नई दिशा मिलने के साथ-साथ विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक और व्यावसायिक अवसर उपलब्ध होंगे।





