नदी में नहाना पड़ा भारी: दोस्तों के सामने 12 साल का मासूम गहरे पानी में डूबा, मौत से गांव में मातम

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के विजयनगर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। नदी में नहाने गए 12 वर्षीय मासूम की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब बालक अपने दो दोस्तों के साथ घर से कुछ ही दूरी पर स्थित बाकी नदी में नहाने गया था।
मृतक की पहचान विनोद यादव उर्फ डिंपल के रूप में हुई है, जो अतिथि शिक्षक शिवलाल यादव का पुत्र था। नहाने के दौरान विनोद अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद एक दोस्त ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन हाथ छूट जाने से वह नदी की गहराई में समा गया।
घटना की खबर मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीण पवन यादव ने करीब 12 फीट गहरे पानी में उतरकर लगभग आधे घंटे तक तलाश की, जिसके बाद विनोद का शव नदी से बाहर निकाला गया।
सूचना मिलते ही विजयनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक पल की लापरवाही ने परिवार से उनका मासूम बेटा हमेशा के लिए छीन लिया।




