#प्रदेश

समोदा को विकास की बड़ी सौगात: CM विष्णुदेव साय कल करेंगे 112 करोड़ से ज्यादा के 96 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार, 6 जुलाई को रायपुर जिले के समोदा से विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री यहां 112 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 96 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे, जिससे आरंग क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों में विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 21 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 67 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे, जबकि 90 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत वाले 29 नए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।

लोकार्पित होने वाले कार्यों में लोक निर्माण विभाग के सड़क और भवन निर्माण से जुड़े कार्य, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की परियोजनाएं, समोदा नगर पंचायत और आरंग नगर पालिका के विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।

वहीं भूमिपूजन किए जाने वाले प्रमुख कार्यों में लोक निर्माण विभाग के कई बड़े प्रोजेक्ट, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के निर्माण कार्य, समोदा नगर पंचायत की विकास योजनाएं और नवा रायपुर के सेक्टर-17 स्थित कोटरा भाठा में 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 बिस्तरों के अस्पताल का निर्माण भी शामिल है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव करेंगे। वहीं वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब तथा सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से सड़क, स्वास्थ्य, नगरीय सुविधाओं और आधारभूत अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।