#प्रदेश

रायपुर में रोबोटिक्स लैब का लोकार्पण, राज्यपाल बोले— मानव कल्याण के लिए हो AI और रोबोटिक्स का उपयोग

Advertisement Carousel

 

० प्रणवानंद अकादमी में नई रोबोटिक्स लैब शुरू, राज्यपाल रमेन डेका ने तकनीक के साथ नैतिक मूल्यों पर दिया जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने रविवार को भारत सेवाश्रम संघ द्वारा संचालित प्रणवानंद अकादमी में अत्याधुनिक रोबोटिक्स लैबोरेट्री का लोकार्पण किया। इस लैब की स्थापना के लिए राज्यपाल ने अपने स्वेच्छानुदान मद से आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकें मानव जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाती हैं, लेकिन इनका वास्तविक उद्देश्य मानव कल्याण और समाज के विकास की दिशा में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीक कभी भी इंसान पर हावी नहीं होनी चाहिए, बल्कि मानव के नियंत्रण में रहकर समाज के हित में कार्य करे।

उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की पहचान केवल उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों से नहीं होती, बल्कि ऐसे विद्यार्थियों से होती है जो ज्ञान के साथ मानवीय मूल्यों, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी परिचय दें। उन्होंने प्रणवानंद अकादमी की शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और चरित्र निर्माण की परंपरा की सराहना की।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकी ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों को अपनाना भी आवश्यक है। हर नया आविष्कार और नवाचार मानवता के हित में होना चाहिए। उन्होंने छात्रों को जीवन में संतोष, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम का महत्व बताते हुए कहा कि चुनौतियों के बाद दोबारा उठकर आगे बढ़ना ही सफलता का वास्तविक मार्ग है।

उन्होंने समाज सेवा की भावना पर बल देते हुए कहा कि यह सोचने के बजाय कि समाज ने हमें क्या दिया, हमें यह विचार करना चाहिए कि हम समाज को क्या दे सकते हैं। सेवा, सहयोग, संवेदनशीलता और पड़ोसियों के प्रति आत्मीयता की भावना ही जीवन को सार्थक और आनंदमय बनाती है।

कार्यक्रम में अकादमी के अध्यक्ष स्वामी शिवरूपानंद ने स्वागत भाषण दिया, जबकि प्राचार्य श्रीमती नीति यदुवंशी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।