उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरी ईको वैन, 8 महिलाओं समेत 9 की मौत; कई घायल

पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। मृतकों में वाहन चालक अनिल देवराड़ा समेत आठ महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
बैंक के काम से गई थीं महिलाएं, लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण गांव की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी काम से सिद्धखाल गई थीं। काम पूरा होने के बाद सभी ईको वैन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 12 लोग सवार थे। हादसे में घायल एक महिला ने रिखणीखाल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजने की तैयारी की जा रही है।
ग्रामीणों और प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू अभियान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस, राजस्व विभाग और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं।
रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से खाई में गिरे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में जान गंवाने वालों के नाम
कांती देवी (45 वर्ष)
रेखा देवी (42 वर्ष)
अनिल देवराड़ा (48 वर्ष), वाहन चालक
सुमित्रा देवी (50 वर्ष)
सुनीता देवी (45 वर्ष)
धनेश्वरी देवी (46 वर्ष)
सरोजनी देवी (38 वर्ष)
रजनी देवी (25 वर्ष)
आठवीं महिला, जिसकी उपचार के दौरान मौत हुई (नाम की पुष्टि शेष)
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, एयरलिफ्ट के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने को कहा है। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।





