छत्तीसगढ़ में IAS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल: 5 जिला पंचायत CEO बदले, कई अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के कार्यभार में फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा मंगलवार को जारी आदेश के तहत पांच जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (CEO) का तबादला किया गया है। वहीं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक रेमिजियुस एक्का को राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सरकार के आदेश के अनुसार, रेमिजियुस एक्का (IAS 2011 बैच) अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ SUDA के CEO का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।
इन अधिकारियों का हुआ तबादला
गजेंद्र सिंह ठाकुर – मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी से उप सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास विभाग नियुक्त।
प्रतीक जैन – जिला पंचायत बस्तर के CEO से जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाए गए।
सुरुचि सिंह – जिला पंचायत राजनांदगांव की CEO से आयुक्त, नगर पालिक निगम भिलाई नियुक्त।
जयंत नाहटा – जिला पंचायत दंतेवाड़ा के CEO से जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाए गए।
एम. भार्गव – अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), डोंगरगढ़ से जिला पंचायत दंतेवाड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त।
तनय खत्रा – अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कटघोरा से जिला पंचायत बस्तर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाए गए।
दुर्गा प्रसाद अधिकारी – अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), घरघोड़ा से जिला पंचायत राजनांदगांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किए गए।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को जिला स्तर पर विकास कार्यों में तेजी लाने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





