छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन कर्मचारियों को बड़ी सौगात: ₹1.10 करोड़ का दुर्घटना बीमा, 10 लाख का जीवन बीमा मिलेगा

० कॉर्पोरेशन और एक्सिस बैंक के बीच हुआ सैलरी एमओयू, कर्मचारियों को मिलेंगी बैंकिंग और बीमा की कई सुविधाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत और सुरक्षा की सौगात आई है। नवा रायपुर स्थित निगम मुख्यालय में कॉर्पोरेशन और एक्सिस बैंक के बीच सैलरी एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, प्रबंध संचालक आशीष कुमार टिकरिहा तथा निगम एवं बैंक के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एमओयू से कर्मचारियों को मिलेंगे ये बड़े लाभ
समझौते के तहत एक्सिस बैंक में वेतन खाता खोलने वाले निगम के नियमित कर्मचारियों और दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों को कई महत्वपूर्ण वित्तीय एवं बीमा सुविधाएं मिलेंगी।
0 ₹1.10 करोड़ का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा (निःशुल्क)
0 ₹10 लाख का प्राकृतिक मृत्यु बीमा
0 कर्मचारी की मृत्यु की स्थिति में परिवार को ₹8 लाख तक की शिक्षा सहायता
0 मात्र ₹2,499 वार्षिक प्रीमियम पर ₹30 लाख तक का हेल्थ टॉप-अप कवर
0 ₹30 लाख का पर्सनल एक्सीडेंट कवर का लाभ
कर्मचारियों और परिवारों को मिलेगा सुरक्षा कवच
निगम अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने कहा कि इस एमओयू से कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर बैंकिंग सेवाओं के साथ मजबूत बीमा सुरक्षा एवं वित्तीय सुविधाएं मिलेंगी। यह पहल कर्मचारियों के सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कर्मचारियों ने जताया आभार
इस निर्णय से निगम कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। कर्मचारियों ने इस पहल के लिए निगम प्रबंधन और विशेष रूप से अध्यक्ष चंदूलाल साहू के प्रति आभार व्यक्त किया।
अनुकंपा नियुक्ति का आदेश भी सौंपा
इसी अवसर पर निगम मुख्यालय में अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने बैकुंठपुर (जिला कोरिया) निवासी श्रीमती पूनम कुजूर को सीसीएच (चतुर्थ श्रेणी) पद पर अनुकंपा नियुक्ति का आदेश भी प्रदान किया। यह नियुक्ति मृतक कर्मचारी के आश्रित को राहत प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





